lionel messi Indai Tour:14 साल बाद भारत आए लियोनेल मेसी, कोलकाता से दिल्ली तक मचा उत्साह और बवाल:-अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी 14 साल बाद भारत आए हैं। मेसी का यह तीन दिवसीय भारतीय दौरा सिर्फ खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें जश्न, राजनीति, सेलेब्रिटी मुलाकातें और विवाद — सब कुछ देखने को मिला है।
कोलकाता से शुरू हुआ यह दौरा हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली तक जाएगा। मेसी ने 13 दिसंबर को जहां अपने 70 फुट ऊंचे स्मारक का अनावरण किया, वहीं उसी दिन सॉल्ट लेक स्टेडियम में भारी बवाल भी देखने को मिला।
यहां 10 पॉइंट्स में जानिए कि मेसी के भारत आने के बाद अब तक क्या-क्या हुआ है—
lionel messi Indai Tour: देर रात कोलकाता पहुंचे मेसी, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत:-
लियोनेल मेसी शनिवार, 13 दिसंबर की रात करीब 2:30 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर पारंपरिक बाजे, ढोल और “मेसी! मेसी!” के नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया।
मेसी के साथ लुईस सुआरेज और अर्जेंटीनी टीम के मिडफील्डर रोड्रीगो डी पॉल भी भारत आए। इसके बाद मेसी कोलकाता के हयात रीजेंसी होटल पहुंचे.
GOAT टूर की शुरुआत, 70 फुट ऊंचे स्मारक का अनावरण
मेसी ने अपने GOAT इंडिया टूर की शुरुआत स्पॉन्सर्स के साथ मीट एंड ग्रीट से की। इसके बाद वे सॉल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने अपने 70 फुट ऊंचे स्मारक का अनावरण किया।
इस दौरान पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री अरूप बिस्वास और आयोजक साताद्रू दत्ता भी मौजूद रहे।
स्टेडियम में शाहरुख खान से हुई मुलाकात
स्मारक अनावरण के दौरान मेसी की मुलाकात बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान से भी हुई। हालांकि शाहरुख खान मैदान में मेसी के साथ नहीं उतरे, लेकिन दोनों की मौजूदगी ने इवेंट को और चर्चा में ला दिया।
ज्यादा देर नहीं रुके मेसी, निराश फैन्स का फूटा गुस्सा
लियोनेल मेसी सॉल्ट लेक स्टेडियम में ज्यादा देर तक नहीं रुके। फैन्स का कहना था कि जब मेसी मैदान में आए, तब उनके आसपास अत्यधिक भीड़ थी, जिससे उन्हें देख पाना लगभग नामुमकिन हो गया। इसी निराशा में कुछ फैन्स ने मैदान की ओर बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। मेसी के मैदान से जाते ही बड़ी संख्या में लोग ग्राउंड के अंदर घुस आए, जिससे हालात और बिगड़ गए।
ममता बनर्जी से मुलाकात नहीं हो पाई
मेसी के समय से पहले स्टेडियम छोड़ने के कारण पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी, जो पहले से तय मानी जा रही थी।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मांगी माफी
सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुई घटना के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया के जरिए माफी मांगी।
उन्होंने लिखा—
“मैं तहे दिल से लियोनेल मेसी, सभी खेल प्रेमियों और मेसी के फैंस से माफी मांगती हूं।”
आयोजकों पर कार्रवाई, टिकट के पैसे लौटाने का आश्वासन
कोलकाता पुलिस के DGP राजीव कुमार ने बताया कि आयोजक साताद्रू दत्ता ने लिखित में आश्वासन दिया है कि स्टेडियम में मौजूद फैंस को उनका पूरा पैसा वापस किया जाएगा। इसके साथ ही मामले में एक आयोजक की गिरफ्तारी भी हुई है।
हैदराबाद पहुंचे मेसी, सुरक्षा कड़ी
कोलकाता के बाद मेसी शाम करीब 6 बजे हैदराबाद पहुंचे। फलकनुमा पैलेस में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने उनका स्वागत किया कोलकाता की घटना के बाद राजीव गांधी स्टेडियम की सुरक्षा बढ़ा दी गई। हालांकि मेसी को शाम 7 बजे स्टेडियम पहुंचना था, लेकिन उनके पहुंचने में देरी हुई।
14 दिसंबर को मुंबई दौरा, सेलेब्रिटी इवेंट्स की भरमार
मेसी 14 दिसंबर को मुंबई जाएंगे।
यहां वे
-
क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में फैशन शो
-
एक सेलिब्रिटी फुटबॉल मैच
-
कोचिंग क्लीनिक
का हिस्सा बनेंगे। वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की भी संभावना है। फैशन शो में जॉन अब्राहम, करीना कपूर और जैकी श्रॉफ जैसे सितारे शामिल हो सकते हैं।
15 दिसंबर को दिल्ली, पीएम मोदी से मुलाकात भी तय
मेसी 15 दिसंबर को दिल्ली जाएंगे।
यहां वे अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और युवाओं के लिए एक कोचिंग सेशन भी देंगे। इसी दिन उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात भी शेड्यूल बताई जा रही है।
14 साल बाद भारत आए लियोनेल मेसी का यह दौरा जहां ऐतिहासिक माना जा रहा था, वहीं कोलकाता में हुई अव्यवस्था ने आयोजकों की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए। अब सभी की निगाहें मुंबई और दिल्ली के कार्यक्रमों पर टिकी हैं कि क्या आगे सब कुछ योजना के मुताबिक हो पाएगा या नहीं।
